पहेवा गांव में बन रही अस्थाई चौकी, तैनात होगा पुलिस बल
बीते 18 दिसंबर की रात अंबेडकर बुद्ध ज्ञान कथा में बवाल के बाद सुर्खियों में आए पहेवा गांव की गतिविधियों पर पुलिस उच्चाधिकारी लगातार मानीटरिंग कर रहे हैं। एकाएक जातीय तनाव होने से गांव में दलित और सवर्णों में पाला खिंच गया है। जिसको देखते हुए बवाल के बाद लगातार दो प्लाटून पीएसी के साथ तकरीबन आधा सैकड़ा पुलिस बल दिन-रात गलियों में गस्त करते रहते हैं।
दो दरोगा, एक दीवान और आधा दर्जन कांस्टेबल तैनात होंगे
अब गांव में अस्थाई पुलिस चौकी भी बनाई जा रही है। साढ़ प्रभारी निरीक्षक सतीशचंद्र राठौर ने बताया गांव किनारे पुराने पंचायत भवन की बिल्डिंग की मरम्मत कराकर दो कमरे तैयार कर लिए गए हैं। शौचालय और बाउंड्री निर्माण के साथ पेयजल हेतु बोरिंग आदि कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही उच्च अधिकारियों द्वारा दो दरोगा, एक दीवान और आधा दर्जन कांस्टेबल तैनात होंगे।