पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया पति।
- फोटो : BANDA
नरैनी। कोतवाली क्षेत्र के लाली का पुरवा (बड़ेहा) में दो दिन पूर्व ससुराल में फांसी से हुई राधालली (35) की मौत के मामले में उसके पति रामकरन राजपूत को पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लली की मौत गला दबाने से बताई गई है। बताया कि मृतका की विवाहित बेटी गुड़िया पत्नी रामचंद्र (बिज्जू पुरवा, कालिंजर) की तहरीर पर पति रामकरन के विरुद्ध हत्या और शव छिपाने की धाराओं की रिपोर्ट लिखी गई है।
आरोपी को शनिवार को गांव के पास गन्ने के खेत से गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, आरोपी पति ने बताया कि उसकी पुत्री और दामाद ने राधालली को मोबाइल फोन दिया था, लेकिन राधालली ने यह बात उसे नहीं बताई। जरूरत पड़ने पर वह पड़ोसियों को फोन करके पत्नी से बात करता था। पुलिस के मुताबिक पति ने बताया कि 11 सितंबर की शाम वह मजदूरी से लौटा तो राधालली के हाथ में मोबाइल फोन देखा। इससे वह तैश में आ गया और आपा खो बैठा।
अपना और पत्नी राधालली दोनों के ही मोबाइल तोड़ डाले। बताया कि उसी को लेकर उस दिन आधी रात तक पत्नी राधालली से विवाद होता रहा। इसी गुस्से में आकर उसने राधालली का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसी की साड़ी से फंदा बनाकर फांसी पर लटका दिया, ताकि आत्महत्या समझी जाए। उधर, मां की मौत और पिता के जेल चले जाने से अनाथ हो गईं छह मासूम बेटियों को उनका मामा मुन्नीलाल व बाबूलाल परवरिश के लिए अपने गांव कछार पुरवा (गिरवां) ले गए हैं।