घरेलू विवाद के चलते यूपी के फर्रुखाबाद जिले में पति ने पत्नी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी और भाग गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। हरदोई जिले के थाना पचदेवरा के गांव कुरारी निवासी गौतम पांडेय पुताई का काम करता है। मऊदरवाजा थाना के मोहल्ला गढ़ी अशरफ अली पश्चिम रेलवे क्रासिंग के निकट राजीव दुबे के यहां कुछ दिन पहले ही किराये पर रहने के लिए परिवार के साथ आया था। गुरुवार शाम गौतम काम कर घर पर पहुंचा।
यहां पर उसका पत्नी अल्का पांडेय (22) से दिल्ली जाने को लेकर विवाद हो गया। उस समय मकान मालिक की पत्नी सुषमा देवी ऊपरी मंजिल पर थी। कहासुनी होने पर गौतम ने घर पर रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसके पेट पर कई वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख पुकार सुनकर सुषमा ने शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। आरोपी चाकू छोड़ कर भाग गया।