महिला की फाइल फोटो व मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बाबूखेड़ा मगरायर गांव में रविवार देर रात पति ने प्रेम-प्रसंग में बाधा बन रही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पति मौके से भाग निकला। मौत की सूचना पर गुस्साए मृतका के घर वालों ने प्रेमिका के घर को घेर लिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस प्रेमिका को हिरासत में लेने के साथ गांव के पास से ही हत्यारोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बाबूखेड़ा मगरायर गांव निवासी गंगादीन लोधी का पड़ोसी शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका का पति मुंबई में रहता है। वह अपने दो बच्चों के साथ यहां रह रही थी। गंगादीन की पत्नी की पत्नी आरती (40) के संतान नहीं थी। उसे अपने पति के प्रेम प्रसंग का पता चला तो वह विरोध करने लगी। रविवार रात फिर दोनों में विवाद हुआ तो गंगादीन ने पत्नी आरती की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी पति भाग निकला।
मौके पर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
घेर लिया प्रेमिका का घर
सोमवार सुबह घर का दरवाजा बंद होने और किसी के बाहर न निकलने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो महिला मृत पड़ी थी। पड़ोसियों ने मृतका के मायके बिहार थानाक्षेत्र के जगत खेड़ा में परिजनों को सूचना दी। मायके वाले मौके पर पहुंचे और हत्यारोपी पति की प्रेमिका के घर को घेर लिया।
हत्यारोपी पति गिरफ्तार
सीओ मधुपनाथ मिश्रा, कोतवाल फोर्स के साथ पहुंचे और प्रेमिका को हिरासत में लेने के साथ हत्यारोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता कंधई ने बच्चे न होने से नाराज होकर पति, उसकी बहन के साथ प्रेमिका पर हत्या करने का आरोप लगाया। सीओ मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के तहरीर देने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।