हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम घसो में बुधवार शाम पत्नी ने घर में प्रेमी के साथ मिलकर पति की लाठी डंडों सेे पीट-पीटकर हत्या कर दी। महिला के मृतक के चचेरे भाई से अवैध संबंध थे।
एएसपी पश्चिमी कपिल देव ने मौके पर जाकर जांच की। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। घसो निवासी संतोष यादव (42) पुत्र लाखन सिंह 15 साल से शाहजहांपुर के अल्हागंज कस्बा निवासी बहनोई प्रेमपाल के यहां रहता था।
वह मजदूरी करता था। घसो में उसकी पत्नी सुनीता दो बच्चों के साथ रहती थी। बुधवार दोपहर संतोष गांव आया था। घर पहुंचते ही उसका पत्नी व वहां मौजूद उसके चचेरे भाई श्याम सिंह से विवाद होने लगा।
विवाद से नाराज पत्नी सुनीता व भाई श्याम सिंह ने उस पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। संतोष को मरणासन्न कर आरोपी बच्चों को गांव में ही छोड़कर भाग गए। आसपास के लोगों ने घर में संतोष को खून से लथपथ देखा तो पुलिस को सूचना दी।
एसओ पचदेवरा रामवचन भारती फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक संतोष की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी पश्चिमी कपिल देव सिंह ने ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि सुनीता के संतोष के चचेरे भाई श्याम सिंह अवैध संबंध हैं।
इसकी जानकारी होने पर संतोष ने आपत्ति जताई थी, जिसको लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। पुलिस ने गांव के बाहर छिपी सुनीता को हिरासत में ले लिया। एसओ रामवचन भारती ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।