झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के खमहैला गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने नासरसेड़ा गांव के सामने मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
खमहैला गांव निवासी कृष्णकुमार उर्फ टिंकू की पत्नी रंजना (22) का शव बुधवार सुबह कमरे के फंदे से लटकता मिला था। इस मामले में रंजना के पिता रसूलाबाद थाना के नकटवापुर आलमपुर खेड़ा निवासी महेंद्र पाल ने थाना मंगलपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि बेटी रंजना की शादी 21 फरवरी 2026 को खमहैला गांव निवासी कृष्ण कुमार उर्फ टिंकू के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति कृष्ण कुमार, ससुर रूप सिंह, सास शांति देवी, देवर अंशुल और ननद छोटी अतिरिक्त दहेज में डेढ़ लाख रुपये की मांग को लेकर रंजना को प्रताड़ित करने लगे। कई बार मारपीट भी की गई।
रंजना के पिता महेंद्र के अनुसार आठ अप्रैल की सुबह करीब 6:18 बजे सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर बेटी का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला था। पिता ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की थी। थानाध्यक्ष महेश दुबे ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी झींझक उमेश शर्मा ने आरोपी कृष्ण कुमार उर्फ टिंकू को खमहैला रोड पर नासरसेड़ा गांव के सामने से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।