ओमान से लौटी महिला ने उन्नाव में कांशीराम कालोनी निवासी मां-बेटे पर झांसा देकर विदेश भेजने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराए। पुलिस अब इन दोनों को आरोपी बनाकर मामले की जांच करेगी। अगर साक्ष्य मिलेंगे तो मां-बेटे के खिलाफ भी चार्जशीट लगाएगी।
विज्ञापन
उन्नाव निवासी महिला को कानपुर की क्राइम ब्रांच टीम ने ओमान से विदेश मंत्रालय की मदद से रेस्क्यू करवाकर वापस लाने में सफलता पाई थी। पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले ही पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए थे लेकिन कोर्ट में बयान होना बाकी था।
इंस्पेक्टर कर्नलगंज प्रभुकांत ने बताया कि बुधवार को महिला के कोर्ट में बयान दर्ज हुए। जिसमें महिला ने बताया कि कांशीराम कालोनी निवासी एक मां-बेटे ने उससे विदेश में नौकरी लगवाने की बात कही थी। उन्होंने मुजम्मिल और अति उर्र रहमान से मिलवाया था। जिन्होंने उसे ओमान भेजा गया। जहां उसको बेचा गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मां-बेटे को आरोपी बनाया जाएगा। विवेचना के दौरान उनके खिलाफ साक्ष्य तलाशे जाएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।