तड़के बारात की विदाई के वक्त अचानक बारातियों की बस पर कयामत टूट पड़ी और अपने साथ दो को लेकर चलती बनी। इस पर खुशी का माहौल गमगीन हो गया।
महोबा जिले के पनवाड़ी थानांतर्गत सियोढ़ी गांव निवासी महाराज सिंह यादव के लड़के अतुल की शादी थी। शनिवार को बारात जलालपुर थाने के पचखुरा गांव गई थी। रात में वैवाहिक रस्में होने के बाद विदाई के समय सुबह करीब पांच बजे करीब आधा सैकड़ा बाराती गांव जाने के लिए बारात की बस में बैठ गए। गांव के बाहर बस के पहुंचने पर कुछ बाराती बस के ऊपर बैठ गए।
इस पर बस के परिचालक टिकरिया गांव निवासी हरीसिंह उर्फ राकेश यादव (37) पुत्र बद्री यादव ने बस की छत पर बैठे सभी बारातियों को नीचे उतारा। जैसे ही बस चलने को हुई अचानक बाराती शिवम (17) पुत्र लल्लू राम यादव निवासी सियोढ़ी बस के ऊपर चढ़ गया। इसी बीच बस के ऊपर कयामत टूट पड़ी।
शिवम ऊपर से गुजरी एचटी लाइन की चपेट में आ गया। परिचालक ने शिवम को पकड़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। इस घटना में हरीसिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं शिवम को बाराती आनन-फानन सरीला सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने उन्हें राठ के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में शिवम की मौत हो गई। जबकि बस के परिचालक हरीसिंह यादव उर्फ राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
रफ्तार बढ़ाने से बड़ा हादसा टला
इस हादसे के दौरान बस चालक की मुस्तैदी से बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों ने बताया कि बस की छत पर बैठे बराती शिवम व क्लीनर हरिसिंह (37) की करंट की चपेट में आने के बाद बस चालक को बस में भी करंट का ऐहसास हो गया था। इस पर उसने तेज रफ्तार से बस को आगे बढ़ा दिया था। अगर ऐसा न किया होता तो बस में बैठे 55 बाराती भी करंट की चपेट में आ जाते और बड़ा हादसा हो सकता था।