हाईटेंशन लाइन के तार टूटने से फतेहपुर चौरासी और बांगरमऊ में दो लोगों की मौत हो गई। लोगों ने विभाग के अधिकारी को मौके पर बुलाने के लिए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने समझा कर शांत कराया। उधर, माखी थानाक्षेत्र में बोरिंग ठीक करते समय लोहे का पाइप एचटी लाइन से टकरा गया। इससे किसान की मौत हो गई, जबकि बेटा झुलस गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
फतेहपुर चौरासी के गांव महमदपुर निवासी सुखदेई (70) पत्नी स्व. बाबूलाल सविता रविवार तड़के खेत से घर जा रहीं थीं। उतमानपुर-भड़सर नौशहरा मार्ग पर टांडा सातन तिराहे के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सुखदेई पर गिर गया। करंट से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हंगामा कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि आए दिन हाईटेंशन लाइन टूटने से घटनाएं हो रही हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सियाराम पहुंचे और लाइनमैन व जेई को फोन मिलाया, लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। सुखदेई के बड़े बेटे सिद्ध कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है।
बांगरमऊ कोतवाली के गांव आसत मोहिनुद्दीनपुर निवासी समशू (50) शनिवार सुबह खेतों में बकरी चराने गया था। लौटते समय हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर समशू पर गिर गया। लखनऊ ट्रामा सेंटर में रविवार को समशू ने दम तोड़ दिया। उधर, माखी थानाक्षेत्र के डीहा गांव निवासी नन्हेलाल (40) पुत्र छोटा रविवार सुबह खेत पर बोरिंग ठीक करने गया था। साथ में बेटे नरेंद्र, वीरेंद्र व भतीजा सुनील थे।
बोर से पाइप निकालते समय हाईटेंशन लाइन से छू गया। नन्हेलाल व उसका बेटा झुलस गए। जिला अस्पताल ले जाए जाने पर डाक्टर ने नन्हेलाल को मृत घोषित कर दिया। विभाग के एक्सईएन द्वितीय राजमंगल सिंह ने बताया कि मामलों की जानकारी हुई है। विद्युत सुरक्षा अनुभाग के अधिकारी सोमवार को क्षेत्रों में जाकर जांच करेंगे। उनकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।