कानपुर देहात। आवास की किस्त डकारी तो आठ निकायों के 102 परिवारों को योजना से बाहर कर दिया गया। अब इन परिवारों से धनराशि की वसूली की कार्यवाही होगी।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में झोपड़ी या कच्चे घर में रहने वाले या फिर आवास विहीन परिवारों को ढाई लाख रुपये की मदद मिलती है। पहली किस्त में 50, दूसरी किस्त में 1.50 लाख और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये का भुगतान होता है। पहली किस्त लेने के बाद छह माह बीत गए तो 105 लाभार्थियों को अंतिम नोटिस जारी की गई। इस पर सिकंदरा नगर पंचायत में 2 और शिवली नगर पंचायत में 1 लाभार्थी ने निर्माण शुरू कराया। जबकि अन्य 102 लाभार्थियों ने नोटिस को अनदेखा कर दिया। इन परिवारों को घर बनाने के लिए 51 लाख रुपये पहली किस्त में दिए गए। अब यह धनराशि डकार गए तो इन्हें लाभार्थी से हटाकर डिफाल्टर सूची में डाल दिया गया है। प्रभारी पीओ अजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में 102 लाभार्थी डिफाल्टर हो गए हैं। अब किस्त की रिकवरी की प्रक्रिया की जाएगी।
-
यहां इतने परिवार हुए डिफाल्टर
अकबरपुर -40
शिवली-18
रसूलाबाद-11
झींझक-11
रूरा-09
सिकंदरा-03
पुखरायां-05
अमरौधा-05
-
कुल 102