जसवंतनगर। तहसील सभागार में एसडीएम कुमार सत्यम जीत की अध्यक्षता में गुरुवार को उत्तर प्रदेश विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में राजनीतिक दलों व बूथ लेवल अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर चर्चा की गई और पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई। एसडीएम ने बताया कि यह पुनरीक्षण मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत तीन नवंबर तक प्रशिक्षण और प्रपत्रों की तैयारी होगी, जबकि चार नवंबर से चार दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित व एकत्र करेंगे। नौ दिसंबर को निर्वाचक नामावली का आलेख प्रकाशन होगा। इसके बाद नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। जबकि 31 जनवरी तक उनका निस्तारण किया जाएगा। सात फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। एसडीएम ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची का पूर्ण सत्यापन करें जिससे कोई पात्र मतदाता छूट न जाए। संवाद