बच्चों की पढ़ाई के चलते दिल्ली में रह रही है पत्नी
विश्व बैंक A-1 ब्लॉक निवासी अनुराग बघेल पेंट का कारोबार करते थे। परिवार में पत्नी प्रियंका, बेटा हंस और बेटी चित्रांशी हैं। मृतक के छोटे भाई व ऑटो पार्ट्स कारोबारी चेतन बघेल ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई के सिलसिले में उनकी भाभी प्रियंका पिछले करीब छह महीने से दिल्ली में रह रही हैं। परिवार के दिल्ली चले जाने के बाद से अनुराग मकान में अकेले ही रह रहे थे। मकान की पहली मंजिल पर एक युवती किराये पर रहती है, जिसके आने-जाने का रास्ता बाहर की सीढ़ियों से है।
किराएदार को बदबू से हुआ शक
चेतन की पत्नी देवेंद्री के मुताबिक, अनुराग को आखिरी बार 30 जुलाई की शाम घर के बाहर टहलते हुए देखा गया था। इसके बाद से वह नजर नहीं आए। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पहली मंजिल पर रहने वाली किरायेदार युवती को नीचे के हिस्से से तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उसने नीचे आकर देखा तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर बिस्तर पर अनुराग का शव पड़ा था। शव से तेज बदबू उठ रही थी। किराएदार ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलते ही बर्रा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। शव की स्थिति को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत नहीं हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।