नौबस्ता मछरिया खैर मस्जिद का रास्ता बंद हॉटस्पॉट एरिया में होम डिलीवरी मैन की जांच करते पुलिस कर?
शहर में बढ़ते कोरोना मरीजों और हॉटस्पॉट (अब 18) को देखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। अब हॉटस्पॉट का दायरा दो किलोमीटर कर दिया गया है। मतलब इस दायरे में दवा, दूध की दुकानें, बैंक, एटीएम भी नहीं खुलेंगे। पहले यह दायरा 500 मीटर था। इसके अलावा इन क्षेत्रों में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
रावतपुर के रोशननगर में कोरोना संक्रमित की मौत के बाद हॉटस्पॉट बढ़ने से लॉकडाउन में और सख्ती कर दी गई है। जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी और डीआईजी अनंत देव ने सोमवार को हॉटस्पॉट इलाकों का निरीक्षण किया। बताया कि कुल 90 से अधिक स्थान हैं, जहां पर आवागमन रोका गया है। इसके अलावा हॉटस्पॉट इलाकों में आने वाले 10 हजार घरों के एक लाख से अधिक लोगों का सर्वे भी शुरू कराया गया है। सभी हॉटस्पॉट इलाकों और दो किलोमीटर के दायरे में थर्मल स्क्रीनिंग करने के लिए डॉक्टरों की टीम बनाई है। 90 डिग्री से ऊपर जिसका तापमान आता है, उसे कोरोना जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही उसे क्वारंटीन किया जाएगा।
सोमवार को ऐसे आठ मामले सामने आए। इनका सैंपल लिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि अभी सीएचसी, पीएचसी में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों व हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्क्रीनिंग चल रही है। इसी क्रम में थाना ककवन में कार्यरत पूरे स्टाफ सहित 200 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
फैक्ट फाइल
हॉटस्पॉट : 18
कुल थाने : 10
हॉटस्पॉट में घर : 10 हजार
आबादी : 110000