कानपुर। कमीशन पर मरीज भर्ती करने वाले अस्पतालों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। ऐसे अस्पतालों की तीन सदस्यीय कमेटी जांच करेगी।
एजेंट के माध्यम से मरीज भर्ती करने की कई शिकायतें शासन तक पहुंचीं हैं। इसके बाद शासन ने अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य और मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजा है। इसमें लिखा है कि कई अस्पताल कमीशन पर रोगी भर्ती कर रहे हैं।
इन अस्पतालों ने हर क्षेत्र में अपने एजेंट रखे हैं। इन एजेंट को रोगी भर्ती करने के बदले कमीशन मिलता है। ऐसे अस्पतालों की जांच की जाए।
सीएमओ डॉ. हरी दत्त नेमी ने कहा कि शासन की ओर से इस संबंध में एक पत्र आया है। अस्पतालों की जांच के लिए जल्द ही कमेटी का गठन किया जाएगा। ऐसे अस्पतालों की जांच की जाएगी और शासन को इन सबकी रिपोर्ट भी भेजी जाएगी।