जिला अस्पताल पुरुष में लगाए गये वाटर कूलर से पानी पीते लोग।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल पुरुष में शनिवार को वाटर कूलर लगा दिया गया। इससे मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों को राहत मिली है। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में जिला अस्पताल में पानी के संकट का मामला उठाया था। जिला अस्पताल परिसर में लगा एक इंडिया मार्का हैंडपंप कई माह से खराब है। स्टैंड पोस्ट पर गंदगी रहती है। वहां पानी पीने कोई नहीं जाता है। एक वर्ष पूर्व प्रमुख सचिव की नाराजगी पर सफाई कराने के लिए हटवाया गया वाटर कूलर दोबारा नहीं लगाया जा सका था।
अस्पताल में काम करने वाले कर्मी व मरीजों के तीमारदार प्यास लगने पर भटकने को मजबूर हो रहे थे। सीएमएस कार्यालय में लगे आरओ वाटर कूलर से अन्य अनुभाग के कर्मियों को पानी भरने की मनाही है। अस्पताल परिसर में वाटर कूलर लगाए जाने पर फार्मासिस्ट अजय विश्वकर्मा व शशिकांत ने कहा कि अब राहत रहेगी।
विष्णु कुमारी ने कहा कि अब पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सीएमएस रियाज अली मिर्जा ने कहा कि वाटर कूलर पूर्व में मंगवा लिया गया था, लेकिन लगवाया नहीं गया था। शनिवार सुबह वाटर कूलर इमरजेंसी के गेट के पास बाहर ही रखवा दिया गया है। बिजली कनेक्शन भी करा दिया गया है। इससे लोगों को ठंडा पानी पीने को मिलेगा।