दही-मोहनलालगंज मार्ग पर सरवन मोड़ के पास लोडर की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। बाइक सवार भट्ठे के मुंशी की हालत गंभीर है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। लखीमपुर जिले के थाना थाना फूलबहेड़ा के गांव गंगाबेहड़ निवासी अमर (22) पुत्र शिवराम सिंह भांजे लंघनिया चैनपुरवा गांव निवासी आकाश (19) पुत्र स्व. छोटेलाल के साथ भट्ठे पर ईंट पाथता था। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे मामा-भांजे, भट्ठे के मुंशी सोहरामऊ थाना क्षेत्र के चिलौली गांव निवासी सुमित (34) के साथ बाइक से मौरावां काम से जा रहे थे। दही-मोहनलालगंज मार्ग पर सरवन मोड़ के पास सामने से आ रहे लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
डॉक्टर ने अमर और आकाश को मृत घोषित कर दिया। घायल सुमित की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के समय बाइक अमर सिंह चला रहा था। हादसे के बाद चालक लोडर छोड़कर भाग निकला। मामा-भांजे पांच साल से सोहरामऊ थाना क्षेत्र के गोमापुर स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। अमर की मां मनीषा के साथ दो बहन और एक भाई हैं। आकाश मां का इकलौता बेटा था। तीन बहनों में सुनीता, अनीता और कामिनी हैं। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। लोडर को कब्जे में लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।