कानपुर। होली का त्योहार मनाने लोग घरों को लाैट रहे हैं। कानपुर सेंट्रल से आने व जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बिहार जाने वाली अधिकांश ट्रेनें पूरी तरह भरी चल रही हैं। स्थिति यह है कि स्लीपर कोच में भी जनरल की तरह भीड़ है। कई यात्री दरवाजों पर खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
सेंट्रल स्टेशन, गोविंदपुरी, पनकी स्टेशन पर टिकट काउंटरों और प्लेटफॉर्म पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट सैकड़ों के पार पहुंच चुकी है। तत्काल कोटा खुलते ही टिकट कुछ ही मिनटों में खत्म हो जा रहे हैं। श्रमशक्ति एक्सप्रेस भरी चल रही है। जनरल डिब्बे में बैठने के लिए यात्री एक घंटा पहले स्टेशन पहुंच रहे हैं। पुलिस को लाइन लगवाकर बैठाना पड़ रहा है।
शनिवार सुबह ट्रेन से उतरे चटाई मोहाल निवासी आयुष ने बताया कि दिल्ली में नौकरी करते हैं। शनिवार व रविवार छुट्टी होने के अलावा होली की भी छुट्टी मिल गई। कंफर्म टिकट न होने से आरक्षित कोच में घुसे तो वहां भी भीड़ थी। ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। वहीं, दिल्ली से बिहार की तरफ जाने वाली महाबोधि एक्सप्रेस का हाल भी बेहाल है। हिसार से चलने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस में तो होली के बाद भी टिकट नहीं मिल पा रहा है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के चलते प्रवासी श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की घर वापसी बढ़ गई है। भीड़ को देखते हुए कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल कंफर्म टिकट के साथ यात्रा करें और स्टेशन पर समय से पहले पहुंचें।
पूर्वांचल जाने वाली बसों में रही भीड़
पूर्वांचल की ओर जाने वाली रोडवेज बसों में भीड़ रही। हालांकि परिवहन विभाग की ओर से बसों की संख्या बढ़ाने से यात्रियों को सहूलियत हुई है। झकरकटी से गोरखपुर जाने वाली बसों में सीट की ज्यादा मारा मारी रही।