इटावा। जुलाई से होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह बात बुधवार को सुमेर सिंह किले के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिले के प्रभारी एवं होमगार्ड राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कही।
भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने पर होमगार्ड मंत्री पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि यदि सड़कों की गुणवत्ता वाली एसई की जांच की रिपोर्ट गड़बड़ मिली है तो इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में मोदी सरकार ने हमेशा ही साहसिक और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। अनुच्छेद 370 को हटाना, तीन तलाक को खत्म करना, नया वक्फ कानून और सीएए लागू करना आदि इसके उदाहरण हैं।
11 वर्षों में मोदी सरकार ने एससी- एसटी व ओबीसी समेत समाज के सभी वर्गों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। महिलाओं को नेतृत्व में लाने के लिए उन्हें सेना, शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के हर क्षेत्र में अवसर दिए गए हैं। भाजपा सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा नहीं देती, बल्कि गरीबों का कल्याण करके दिखाती है।
वार्ता में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य, जिला संयोजक सोशल मीडिया विमलेश शाक्य, रोहित भदौरिया आदि मौजूद रहे।