कन्नौज के तिर्वा में शोहदों से तंग आकर कक्षा 11 की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे फंदे से उतार कर गंभीर हालत में जिला अस्पताल और फिर कानपुर हैलट में भर्ती कराया। छात्रा के पिता ने तिर्वा कोतवाली में तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 16 वर्षीय पुत्री कक्षा 11 की छात्रा है। वह कन्नौज स्थित स्कूल में पढ़ने जाती है। कस्बे के एक युवक ने फेसबुक से पुत्री से परिचय किया। इसके बाद स्कूल जाते समय रास्ते में छेड़छाड़ कर परेशान करने लगा। इसकी जानकारी बेटी ने दी तो आरोपी युवक के परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया।