कानपुर। काकादेव शास्त्रीनगर सेंट्रल पार्क के पास रहने वाले राजेश कुमार श्रीवास्तव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा हितेंद्र गौरव श्रीवास्तव उर्फ मोनू गुरुवार रात करीब 10 बजे घर के बाहर खड़ा था। उसका दोस्त शिवम गुप्ता उसे बुलाने आया। आरोप है कि तभी काकादेव निवासी हिस्ट्रीशीटर मिथिलेश धोबी अपने साथी गौरव शर्मा और अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचा। बेटे हितेंद्र पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे बेटा बाल-बाल बच गया। वह किसी तरह जान बचाकर भागा। परिजन ने डॉयल 112 को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर सीसीटीवी कैमरे चेक किए। आरोप है पुलिस के जाने के करीब आधे घंटे बाद हिस्ट्रीशीटर मिथिलेश अपने साथियों के साथ दोबारा पहुंचा। हितेंद्र पर फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मिथिलेश धोबी और पांच अज्ञात पर हत्या के प्रयास, बलवा, विस्फोटक पदार्थ से किसी को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगी हैं। गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे का कारण स्पष्ट हो सकेगा। संवाद