हिस्ट्रीशीटर ने तीन लोगों को ट्रैक्टर से रौंदा
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट पहाड़ी थाना क्षेत्र के बछरन गांव में बुधवार रात एक हिस्ट्रीशीटर ने गांव के युवक की ट्रैक्टर से रौंद कर हत्या कर दी। विद्युत विभाग के तार को लेकर गांव के ही दो पक्षों में कहासुनी हुई थी।
रात करीब 10 बजे अजीत नारायण (47) पुत्र अमर सिंह अपने पुत्र नवनीत सिंह (30) व पड़ोसी हरिशंकर पुत्र रामखेलावन अपने दरवाजे में चारपाई पर बैठे थे। तभी वहां अचानक अरुण कुमार पटेल (40) पुत्र हरि चरण सिंह पटेल तेज रफ्तार अपना ट्रैक्टर लेकर आया और तीनों के ऊपर चढ़ा दिया।
जिसके चलते हरिशंकर की मौके पर मौत हो गई। अजीत नारायण व नवनीत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहाड़ी अस्पताल से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक अरुण कुमार को पकड़कर जमकर पीटा। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका भी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार अरुण कुमार पटेल पुराना हिस्ट्रीशीटर है। मृतक के परिजनों ने हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।