कानपुर देहात। कानपुर-इटावा हाईवे पर मैथा मोड़ के पास शनिवार सुबह कोहरे के बीच तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस का चालक व क्लीनर गंभीर घायल होकर बस में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे चालक व क्लीनर को बाहर निकाल कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है।
एटा के बागवाला निवासी बस चालक राजवीर व मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र बाजना निवासी क्लीनर कल्लू शुक्रवार रात को दिल्ली से यात्रियों को लेकर बनारस के लिए निकले थे। शनिवार सुबह छह बजे कोहरे के बीच उनकी बस हाईवे पर मैथा मोड़ के पास बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे चालक व क्लीनर गंभीर रूप से घायल होकर बस में फंस गए। जबकि बस में बैठी सवारियां बाल-बाल बच गईं।
सूचना पर पहुंचे सीओ सदर संजय सिंह व रनियां थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने घायल चालक व क्लीनर को बस से बाहर निकाल कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। इधर हाईवे पर खड़ी क्षतिग्रस्त बस को क्रेन से हटवाकर हाईवे खाली करवाया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक कानपुर जाने वाले लेन प्रभावित रही। रनियां थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि घायल चालक व क्लीनर का उपचार करवाया जा रहा है। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। उनको दूसरे साधन से गंतव्य की ओर भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।