औरैया में कानपुर से दिल्ली जा रही निजी बस पर मुरादगंज के पास मंगलवार देर रात कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। सवारी के अंदाज में भीतर घुसे लोग हेल्पर को पीटने लगे। बचाने की कोशिश पर ड्राइवर को मारा और बस पर पथराव कर दिया। हमलावर हेल्पर को खींचकर अपने साथ ले गए।
घटना से गुस्साए ड्राइवर ने बस तिरछी करके हाईवे जाम कर दिया। पुलिस आधे घंटे बाद जाम खुलवा सकी। हमलावरों व हेल्पर की तलाश की जा रही है। वारदात की चपेट में आई इटावा के चौहान ट्रेवल्स की बस। कानपुर से दिल्ली की सवारियां लेकर बस मंगलवार रात मुरादगंज के पास पहुंची थी कि कुछ लोगों ने सवारी की तरह हाथ के इशारे से बस रुकवाई।
बस रुकते ही भीतर घुसे लोग इटावा निवासी हेल्पर मनोज पर टूट पड़े। उसे बचाने आए ड्राइवर संतोष को भी पीटा और पत्थर बरसाकर बस के शीशे तोड़ दिए। इससे सवारियों में चीख-पुकार मच गई। हमलावरों ने हेल्पर को खींचकर बस से उतारा और खेतों की ओर ले जाकर रात के अंधेरे में मय हेल्पर के गायब हो गए।
इटावा निवासी ड्राइवर ने अन्य वाहनों को ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए बस तिरछी रोककर हाईवे जाम कर दिया। मुरादगंज चौकी इंचार्ज प्रमोद शर्मा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। समझाकर आधे घंटे बाद जाम खुलवाया। ड्राइवर संतोष ने पुलिस को बताया कि हमलावर चकरनगर इटावा के रहने वाले हैं। वह उन्हें पहचानता है। चौकी इंचार्ज का कहना है कि किसी पुरानी रंजिश को लेकर वारदात की गई है। हेल्पर और हमलावरों तक जल्द पुलिस पहुंच जाएगी। सख्त कार्रवाई की जाएगी।