कानपुर। जनगणना-2027 के तहत शहरवासी 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना को बढ़ावा देने और कानपुर को प्रदेश में पहले स्थान पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बैंकों और शिक्षण संस्थानों में हेल्प डेस्क बनाने की तैयारी की है।
बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की स्वगणना कराकर प्रमाणपत्र देने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट, विकास भवन, जिला अस्पताल, निजी अस्पतालों, बैंकों, आधार केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में सहायता डेस्क बनेंगी।
स्वगणना में 40 सवालों के जवाब आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर दर्ज करने होंगे। किसी दस्तावेज को अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी। बैठक में लाइव डेमो देकर प्रक्रिया समझाई गई। सीडीओ अभिनव जे. जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप कुमार समेत अधिकारी मौजूद रहे।
स्वगणना के बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जानकारी जुटाएंगे। पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण होगा। डीएम ने व्यापारिक, औद्योगिक, कर्मचारी और सामाजिक संगठनों के साथ कार्यशालाएं कर अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।