सिकंदरा के एक ढाबे में लोगों से पूछताछ करती पुलिस। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने शनिवार को जालौैन पहुंच रहे हैं। इसके लिए भारी व कामर्शियल वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। एसपी सुनीति ने बताया कि यह डायवर्जन शनिवार की सुबह छह बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कानपुर देहात से झांसी की तरफ किसी भी प्रकार के भारी और कामर्शियल वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एसपी ने जिले के लोगों से बहुत अधिक जरूरत होने पर ही राष्ट्रीय राजमार्ग-27 का प्रयोग करने की अपील की है।
यह व्यवस्था होगी लागू
कानपुर नगर से झांसी की तरफ जाने वाले वाहन रायपुर-गजनेर रोड पर डायवर्ट कर मूसानगर से होते हुए घाटमपुर के रास्ते हमीरपुर होकर झांसी जाएंगे।
औरैया की तरफ से आने वाले वाहन सूर्या होटल के सामने ओवरब्रिज पर नहीं चढ़ेंगे। इन वाहनों को नीचे सर्विस लेन में लाकर दाहिनी तरफ भोगनीपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जो भोगनीपुर से घाटमपुर, चौडगरा होते कानपुर नगर व प्रयागराज की तरफ जा सकेंगे।
यह दिए निर्देश
कानपुर देहात के एनएच-19 व एनएच-27 के दोनों तरफ व्यापारी व फैक्टरी मालिक अपने वाहनों को रोड पर नहीं रोकेंगे और न ही खड़ा करेंगे। वह वाहनों को फैक्टरी व दुकान के भीतर खड़ा करेंगे।
ढाबा व पेट्रोल पंप मालिकों को भी अनाधिकृत वाहनों की पार्किंग नहीं कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ किनारों पर लगने वाली दुकानें व ठेलों को कार्यक्रम के दौरान प्रतिबंधित किया गया है।
संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग पर खाली ट्रक व ट्रैक्टरों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।