कानपुर देहात। दो दिन से हो रही बारिश से जगह-जगह जलभराव की स्थिति है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र में कच्चे रास्तों पर कीचड़ से फिसलन हो गई है। दो दिन में औसत 20.17 मिमी बारिश हुई है। धान की फसल को फायदा है लेकिन खेत में पानी भरने से तिल, मूंग और उड़द की फसल को नुकसान है।
सोमवार को जनपद में औसत 5.67 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इसमें मैथा तहसील में 24 मिमी बारिश हुई। इधर सोमवार देर रात शुरू हुई बारिश रुक-रुककर पूरी रात हुई। इसकी वजह से जगह-जगह जलभराव हो गया। कुल औसत 14.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इसमें मैथा तहसील क्षेत्र में सबसे अधिक 44 मिमी बारिश हुई। अकबरपुर तहसील क्षेत्र में 25 मिमी और रसूलाबाद तहसील क्षेत्र में आठ मिमी बारिश रिकार्ड की गई। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र व डेरापुर तहसील क्षेत्र में चार-चार मिमी और सिकंदरा तहसील क्षेत्र में केवल दो मिमी बारिश हुई। झमाझम बारिश से कई जगह जलभराव हो गया।
रूरा में बिजली उपकेंद्र परिसर में जलभराव से उपभोक्ताओं को आवाजाही में परेशानी हुई। इसी प्रकार अकबरपुर के बीआरसी परिसर स्थित विद्यालय परिसर में जलभराव हो गया। ग्रामीण क्षेत्र में कच्चे रास्तों पर कीचड़ से भी आवाजाही में लोगों को परेशानी हो रही है। मैथा व रसूलाबाद तहसील क्षेत्र में झमाझम बारिश से खेतों में जलभराव से धान की फसल को फायदा है लेकिन जिन खेतों में तिल, उड़द या फिर मूंग की फसल है उसे नुकसान है। पानी लगातार भरा रहने से तिलहनी व दलहनी फसलों के पौधों की जड़े सड़ने की आशंका है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर खलील खान ने बताया कि तिलहनी व दलहनी फसलों के खेत में जलभराव होने पर फसलों को नुकसान है। किसान यदि खेत में पानी भरा है तो मेड़ काटकर पानी निकाल दें। इससे फसलें सुरक्षित रहेंगी। सीएसए के कृषि तकनीकी अधिकारी डॉ. अजय मिश्र ने बताया कि आगामी पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के आसार हैं। स्थानीय स्तर पर तेज हवा चलने व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
................
फोटो-12 रसूलाबाद मं उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय परिसर में जलभराव के बीच संभल कर निकलता किसान। संवाद
कृषि कार्यालय में जलभराव, किसानों को परेशानी
रसूलाबाद। बारिश से रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय व राजकीय बीज भंडार परिसर में जलभराव है। इससे किसानों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। जरा सी चूक पर गिरना तय है। रसूलाबाद में कानपुर मार्ग किनारे कृषि कार्यालय है। दो दिन से हाे रही झमाझम बारिश से परिसर में जल भराव है। मुख्य गेट तक पानी भरा है इससे पैदल किसानों को कार्यालय पहुंचने में मुश्किल हो रही हैं। जगमोहन, मोहनलाल व सुभाष चंद्र ने बताया कि धान की फसल के लिए कीटनाशक दवा लेने कृषि कार्यालय गए तो परिसर में पानी भरा होने के कारण परेशानी हुई। कृषि कार्यालय में बीज, कीटनाशक और ई-फार्मर रजिस्ट्री आदि के लिए किसान आते हैं। कृषि विभाग के एसएमएस राज नारायण ने बताया कि परिसर में जलभराव हो गया है। सफाई कर्मचारी बुलाकर जल निकासी कराई गई है लेकिन बारिश के चलते जलभराव है। कार्यालय प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि परिसर में जलभराव होने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। (संवाद)