फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: तेज हवा संग बारिश में गिरी धान की फसल, किसानों में मायूसी

Sat, 04 Oct 2025 01:29 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। जिले में पिछले सप्ताह तेज हवा के साथ हुई बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। किसान धान, तिली, बाजरा व आलू की फसल को नुकसान होने की बात कह रहे हैं। बाली निकल आने के बाद धान खेत में गिरने से किसान मायूस हैं। किसानों का कहना है कि जरूरत पर बारिश नहीं हुई तो किसी तरह से निजी नलकूप से महंगी सिंचाई कर धान की फसल तैयार की अब धान पका खड़ा है। तब हवा के साथ हुई बारिश से फसल गिरा गई।
विज्ञापन

मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश की संभावना जताई थी। जिले में 30 सितंबर को दोपहर में हवा के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश रुक रुक कर शाम तक होती रही। कुल 20.83 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। जबकि 2 अक्तूबर को सुबह 8.33 मिमी बारिश हुई। दोनों दिनों में सबसे अधिक बारिश अकबरपुर तहसील में 33 मिमी हुई। भोगनीपुर तहसील में 25 मिमी, रसूलाबाद तहसील में 12 मिमी और सिकंदरा तहसील में 11 मिमी बारिश हुई। हवा की वजह से हुई बारिश से अकबरपुर तहसील के मुक्तापुर, तिगाई, बरौला, पुर आदि में धान की फसलें गिर गई हैं।
इधर भोगनीपुर व रसूलाबाद क्षेत्र खड़ी धान की फसल गिर गई। बोए गए आलू का बीज सड़ गया। लाही की बोई हुई फसलें भी बर्बाद हो गईं। रसूलाबाद में कटी हुई धान की फसलें खेतों में भरे पानी में डूब गईं। असालतगंज से मधुर, महेरा के अर्जुन सिंह, गाऊपुर के विवेक, कहिंजरी के बैजनाथ त्रिवेदी, पप्पू तिवारी, भगवती प्रसाद मिश्रा, आलोक बाजपेई आदि ने बताया कि खेत में पानी भरने से आलू और लाही की फसलें सड़कर नष्ट हो गईं। रसूलाबाद एसडीएम सर्वेश कुमार ने बताया कि लेखपालों से रिपोर्ट मांगी गई है।
विज्ञापन

.................
फसल बीमित है तो 72 घंटे में दें सूचना
कानपुर देहात। फसल बीमित कराने वाले किसान बीमा कंपनी से व्यक्तिगत दावा कर क्षतिपूर्ति पा सकते हैं। मंगलवार व गुरुवार हो गई बारिश से धान, बाजरा और कुछ दिन पहले बोयी गई लाही, आलू व तिल आदि फसलों का नुकसान हुआ है। उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ सीजन 2025-26 में धान, मक्का, बाजरा, ज्वार, उर्द, तिल, अरहर आदि फसलों का बीमा करवाया गया है। बारिश व जलभराव से फसलों के नुकसान की सूचना फसल बीमा कंपनी एचडी एफसी ई-आर्गो को 72 घंटे के अंदर किसान दे दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क किया जा सकता है। सर्वे के बाद बीमा कंपनी क्षतिपूर्ति का भुगतान करेगी। (संवाद)
................
फोटो -27 कसमड़ा में ढहा ऋषि का कच्चा घर। संवाद

झोपड़ी व कच्चा घर ढहा, बकरी मरी
रसूलाबाद। बारिश के दौरान बिषधन रोड स्थित इंदलपुर लालू निवासी नफीसा की झोपड़ी ढह गई। उसने बताया कि पति इस्लाम का इंतकाल हो चुका है। मलबे में सामान दबकर खराब हो गया। एक बकरी दबकर मर गई। उसने बताया कि आवास के लिए आवेदन किया है, मगर अभी आवास मिला नहीं है। लेखपाल राघवेंद्र ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट दी है। इधर, कसमड़ा में ऋषि शर्मा का कच्चा मकान बारिश से गिर गया। गनीमत रही कि कोई चपेट में नहीं आया। मलबे में दबकर चारपाई, बर्तन व जरूरी घरेलू सामान नष्ट हो गया। क्षेत्रीय लेखपाल कुमार गौरव ने नुकसान की रिपोर्ट तहसील भेजी है। एसडीएम सर्वेश कुमार ने बताया कि जांच कराकर नियमानुसार आर्थिक मदद दी जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें