फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जच्चा-बच्चा की मौत पर भारी बवाल

Tue, 01 Sep 2015 02:19 AM IST
अमर उजाला कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
ग्वालटोली में महिला और उसकी नवजात बच्ची की मौत से गुस्साए परिजनों और इलाकाई लोगों ने सोमवार रात जमकर बवाल किया। क्षेत्र के निजी अस्पताल के डॉक्टर और प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगा ग्वालटोली चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
विज्ञापन


लोगों ने पुलिस से भी बदसलूकी की तो पुलिसकर्मियों ने लाठियां पटक कर भीड़ को खदेड़ दिया। यहां से भाग कर आक्रोशित भीड़ वीआईपी रोड पहुंच गई और जाम लगा दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, राहगीरों से धक्का-मुक्की, बदसलूकी की। बवाल बढ़ता देख एडीएम सिटी, एसपी पश्चिम, एसपी ग्रामीण सहित अन्य आला अधिकारी भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। एडीएम सिटी ने वहां मौजूद शहर काजी को कार्रवाई के साथ मुआवजे का आश्वासन दिया तो आक्रोशित भीड़ शांत हुई।

ग्वालटोली चूड़ी वाली गली निवासी जमील अहमद की पत्नी सामिया (26) को प्रसव के लिए 29 जुलाई को जीवन ज्योति हॉस्पिटल, ग्वालटोली ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने में हीलाहवाली की। इससे हॉस्पिटल के गेट पर ही उसे प्रसव हो गया तो प्रारंभिक उपचार किया गया। इसके बाद परिजन सामिया को सिविल लाइंस के एक निजी अस्पताल में ले गए।
विज्ञापन

10 दिन पहले डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। सोमवार सुबह सामिया की नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिवार नवजात बच्ची को सुपुर्दे खाक करके लौटे ही थे कि सामिया ने भी दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि यदि जीवन ज्योति हॉस्पिटल में सामिया को समय पर इलाज मिल जाता तो जच्चा-बच्चा की मौत नहीं होती। दोनों की मौत से आक्रोशित परिवारीजन और मोहल्ले के सैकड़ों लोग जीवन ज्योति हॉस्पिटल पहुंचे और हंगामा किया।

कर्मचारियों और पास में रहने वाले डॉक्टर के परिजनों से बदसलूकी की। देखते ही देखते भीड़ ने ग्वालटोली चौराहा जाम कर दिया और जमकर उपद्रव किया। बवाल बढ़ने पर एसपी पश्चिम राजेश एस, एसपी ग्रामीण एसएन तिवारी, सीसामऊ सीओ विवेक त्रिपाठी कर्नलगंज और सीसामऊ सर्किल की फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। वहां मौजूद सैकड़ों की भीड़ शव लेकर वीआईपी रोड पहुंच गई और मांग पूरी करने की बात पर अड़ गई। कुछ ही देर में वीआईपी रोड पूरी तरह से जाम हो गई।

बवाल बढ़ने की सूचना पर एडीएम सिटी पहुंचे और आश्वासन दिया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा, साथ ही अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार से अधिक से अधिक मुआवजा दिलाया जाएगा तब आक्रोशित भीड़ शांत हुई। फोर्स ने जाम खुलवाया तो एक घंटे बाद वीआईपी रोड का यातायात सामान्य हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें