फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हीट स्ट्रोक से एक की मौत, छह बेहोश

Sun, 01 May 2016 02:15 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/कानपुर
विज्ञापन
मालरोड पर हीट स्ट्रोक से सड़क पर बेहोश हुए युवक को पानी डालकर होश में लाने की कोशिश करते लोग। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
कानपुर। हीट स्ट्रोक से शनिवार को सेंट्रल स्टेशन पर एक की मौत हो गई जबकि शहर के विभिन्न स्थानों पर छह लोग बेहोश होकर गिर पड़े। लोगों ने इन्हें हैलट और उर्सला अस्पताल पहुंचाया। खाड़ेपुर निवासी एक वृद्ध को हीट स्ट्रोक के कारण लकवा मार गया है। डॉक्टरों का कहना है कि भीषण गर्मी में दोपहर में बाहर निकलने से बचें। यदि बहुत जरूरी है तो गर्मी से बचाव कर ही निकलें।
विज्ञापन


चमनगंज में कोचिंग जा रही नादिरा (24) दोपहर में बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। आसपास के लोगों ने उसे छांव में लिटाया। हालत ठीक न होने पर उसे बगल के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं स्वरूप नगर में स्कूल से घर जा रहा रमन (19), फेथफुलगंज का वरुण (35), मो. शहनवाज (29) भी हीट स्ट्रोक के कारण बेहोश हो गए।

जू के पास एक रिक्शा चालक भी गर्मी के कारण बेहोश हो गया। खाड़ेपुर निवासी गुलाब सोनकर (70) भी गर्मी के कारण बेहोश हो गए। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। उनके शरीर के दाएं हिस्से ने काम करना बंद कर दिया है। वहीं सेंट्रल स्टेशन पर 55 साल के शख्स की मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी। जीआरपी के मुताबिक प्लेटफार्म नंबर-दो पर एक शख्स बैठा था। दोपहर करीब एक बजे वह गश खाकर वह गिर गया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है।
विज्ञापन


हीट स्ट्रोक के लक्षण
शरीर बहुत ज्यादा गर्म होना, नाड़ी तेज चलना, व्यवहार में बदलाव, सिरदर्द, पसीना, जुकाम, त्वचा में तनाव, चक्कर आना, बेहोशी, मांसपेशियों में तनाव, एड़ियों में सूजन, सांस लेने में दिक्कत, जी मिचलाना, उल्टी, चक्कर आना, पेशाब न होना आदि।

देर से न निकलें मॉर्निंग वाक पर
देर से मॉर्निंग वाक पर निकलने वाले भी हीट स्ट्रोक की चपेट में आ रहे हैं। सूरज निकलने के कुछ देर के अंदर वॉक पूरी कर घर वापस आ जाएं। इस मौसम में शराब से दूरी बनाना ही ठीक रहेगा। गर्मियों में ज्यादा नींद लेनी चाहिए।

यह करें
तेज धूप में निकलने से बचें, टोपी या गमछा और छाता लगाकर ही निकलें, पर्याप्त पानी पीकर घर से निकलें और समय-समय पर पानी पीते रहें, मौसमी फलों का जूस, पना, ओआरएस घोल और नारियल पानी का उपयोग करना लाभप्रद रहेगा।

काफी बढ़ जाता है शरीर का तापमान
गर्मी में ज्यादा देर तक बाहर रहने से कभी-कभी शरीर का तापमान 98.6 डिग्री फारेनहाइट से बढ़कर 105 डिग्री फारेनहाइट तक पहुंच जाता है। इस स्थिति में दिमाग को बहुत नुकसान पहुंचता है। इसलिए जैसे ही शरीर का तापमान बढ़े, तत्काल छांव में जाएं और शरीर को गीले कपड़े से पोंछे। जरूरत पर बर्फ के पानी की पट्टी भी की जा सकती है।

50 लाख की आबादी में सिर्फ 17 प्याऊ
कानपुर। नगर निगम ने लगभग 50 लाख आबादी वाले शहर में लोगों की प्यास बुझाने के लिए मात्र 17 प्याऊ लगवाए हैं, उनमें से भी रावतपुर स्टेशन तिराहा, रैना मार्केट, रामादेवी चौराहा और हरजेंदर नगर चौराहे के प्याऊ शनिवार को बंद रहे। जोन-2 के प्रभारी मुनीश निगम ने बताया कि रामादेवी, हरजेंद्र नगर प्याऊ जलकल विभाग के पानी न देने से नहीं चल पाए। 1 मई से इन्हें चलवाएंगे।

एचएएल से इन दोनों चौराहों के साथ ही जाजमऊ में भी प्याऊ चलवाया जा रहा है। जोन-6 के प्रभारी अतुल कृष्ण ने महिला कर्मचारी के अचानक अनुपस्थित होने से रावतपुर प्याऊ न चल पाने और 1 मई से सुचारू रूप से संचालित करने का दावा किया।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें