कानपुर। दो माह से बंद पड़े कल्याणपुर के लोधर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के मामले में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आरोग्य मंदिर को तुरंत संचालित करने के लिए कहा। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को निर्देश दिए कि सभी आरोग्य मंदिरों की उपस्थिति के संबंध में आख्या प्रस्तुत करें।
शनिवार को डीएम लोधर मंधना स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी दृष्टि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर पड़ी। सुबह 11 बजे यह उपकेंद्र बंद पाया गया। डीएम ने क्षेत्र के ग्रामीणों से बातचीत की तो पता चला कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पिछले दो माह से बंद है। ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के पति का निधन हो गया था। उसके बाद वह ड्यूटी पर नहीं आ रहीं और केंद्र बंद पड़ा है।
डीएम ने सीएमओ को तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए कहा और आयुष्मान आरोग्य मंदिर को अविलंब संचालित कराने के निर्देश दिए। विद्यालय का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीएम फिर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे। सीएमओ से पूछा कि इतनी महत्वपूर्ण शासन की योजना के बंद रहने की जानकारी आपको क्यों नहीं है? पर्यवेक्षण में हुई शिथिलता की जिम्मेदारी तय की जाए। क्षेत्र के मेडिकल अफसर इंचार्ज के समय रहते निरीक्षण एवं हस्तक्षेप न किए जाने के कारणों की जांच की जाए। इसके साथ सीएचओ के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में निर्देश दिए।