कानपुर देहात। अकबरपुर के आघू रोड निवासी महिला व सरवनखेड़ा के कठेठी गांव निवासी पूर्व फौजी की उपचार के दौरान कानपुर में डेंगू से मौत हो गई थी। दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। वहां शिविर लगाकर सात लोगों की स्लाइड बनाई। साथ ही गांव में दवा का छिड़काव किया गया।
सरवनखेड़ के कठेठी गांव निवासी पूर्व फौजी रवि प्रताप सिंह व अकबरपुर के आघू रोड निवासी निजी अस्पताल की एएनएम अनुराधा की डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दोनों का कानपुर के अलग-अलग अस्पताल में उपचार चल रहा था। रविवार को उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। जानकारी के बाद सोमवार को स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। वहां शिविर लगाकर बुखार से पीड़ित सात लोगों की स्लाइड बनाकर जांच के लिए कानपुर भेजा है। वहीं, टीम ने 38 घरों के 157 कमरों में पाइराथ्रम का छिड़काव कराया गया। वहीं, मृतक के आसपास 157 जगहों पर काफी दिनों से भरे पानी को साफ करा दिया गया। अपर सीएमओ डॉ. एपी वर्मा ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को बीमारी को लेकर जागरूक भी किया। ग्रामीणों को बताया गया कि पानी को एक जगह पर ज्यादा दिन तक न रुकने दें।