प्रेमनगर में खाली प्लाट में गंदगी और जलभराव
- फोटो : SHUKLGANJ
शुक्लागंज। मोहल्ला प्रेम नगर में जगह-जगह गंदगी होने के कारण संक्रमित बीमारियों ने पांव पसारने शुरू कर दिए है। जहां कई लोग बुखार से पीड़ित हैं वहीं दो डेंगू के मरीज भी होने से उपचार चल रहा है। इसके बावजूद न तो नगर पालिका और न ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मोहल्ले में पहुंची। जबकि क्षेत्रीय लोग पालिकाध्यक्ष व ईओ पालिका को सूचना दे चुके हैं।
बताते चलें कि प्रेम नगर मोहल्ले में कई जगह खाली प्लाट है। जहां गंदगी के साथ जलभराव है। ऐसे में क्षेत्र में मच्छरों की भरमार है। क्षेत्र में जहां कई लोग बुखार से पीड़ित हैं वहीं जांच में रविवार को हरि और हेमंत में डेंगू की पुष्टि भी हुई थी। जिन लोगों को बुखार आ रहा है उनमें भी डेंगू जैसे लक्षण बताए जा रहे हैं। जिसकी जानकारी क्षेत्रीय निवासियों ने पालिकाध्यक्ष रंजना गुप्ता व ईओ पालिका सुनील कुमार मिश्रा को लिखित में दी थी। लेकिन इसके बावजूद पालिका द्वारा न तो साफ सफ ाई की व्यवस्था दुरुस्त कराई गई और न ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ही मोहल्ले में पहुंची।
मोहल्ले के जगन्नाथ, शोभित सिंह, सुनील, हरिराम ने बताया कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार न हुआ तो डीएम से मिलकर अपनी बात कहेंगे। वहीं जिला मलेरिया अधिकारी रमेश कुमार यादव ने बताया कि सोमवार को प्रेम नगर में स्वास्थ्य टीम जानी थी पर टीम को पुरवा भेज दिया गया। जिससे टीम नहीं पहुंच सकी। मंगलवार को टीम पहुंचकर बीमार लोगों का इलाज करेगी। ईओ पालिका सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार को क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ चूना डलवाया गया है। मंगलवार को साफ -सफ ाई कराई जाएगी।
प्रेमनगर में फैली गंदगी। - फोटो : SHUKLGANJ