कानपुर स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के संक्रामक रोग अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमण के संदिग्ध मरीज के ट्वीट करते ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने तुरंत फोन कर मरीज पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
दरअसल, कोरोना संदिग्ध मरीज ने मेडिकल कॉलेज के संक्रामक रोग अस्पताल (आईडएच) की व्यवस्था से असंतुष्टि जाहिर की थी। डॉ. हर्षवर्धन का फोन आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरती लालचंदानी ने मरीज का तुरंत हालचाल लिया।
बर्रा निवासी मरीज चीन, सिंगापुर, थाईलैंड होते हुए यहां लौटा है। शनिवार सुबह 11 बजे वह भर्ती हुआ। इसके बाद उसका सैंपल लिया गया। समुचित व्यवस्था न होने के कारण डॉक्टर और अन्य स्टाफ खुद घबरा रहा है।
डॉक्टर मरीज के नजदीक जाने से कतराते रहे। मरीज ने पहले कोराना हेल्पलाइन पर अपने बारे में जानकारी दी। इसके बाद भी जब ढंग का रिस्पांस न मिला, तो उसने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की ट्विटर आईडी पर ट्वीट किया।
इसके तुरंत बाद फोन घनघनाने लगे। बाद में प्राचार्य ने बताया कि व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। रविवार सुबह 10 बजे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कक्ष में कोरोना से निपटने के लिए बनाई गई टीम की बैठक बुलाई गई है।