उन्नाव। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती मरीज को ऑक्सीजन न मिलने से नाराज तीमारदारों ने हंगामा किया। विरोध करने पर वार्ड ब्वाय को पीट दिया। इससे गुस्साए कर्मियों ने स्वास्थ्य सेवाएं रोक कर नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा के आश्वासन पर तीन घंटे बाद सभी काम पर लौटे। वार्ड ब्वाय ने तीमारदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुरवा के ककहन गांव निवासी कालिंद्री (60) को बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ होने पर शुक्रवार रात जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बेड नंबर आठ पर भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने उन्हें ऑक्सीजन लगवाई थी। शनिवार सुबह ऑक्सीजन की कमी होने लगी। सुबह 10 बजे ड्यूटी पर रहे वार्ड ब्वाय महिमा शंकर सिंह ऑक्सीजन के खाली सिलिंडर एक जगह एकत्र कर रहा था। तभी तीमारदारों ने उसमें भरा सिलिंडर होने की बात कही। महिमा ने मना किया तो मारपीट कर दी। इससे गुस्साए कर्मियों ने स्वास्थ्य सेवाएं रोक दीं और इमरजेंसी के बाहर आकर नारेबाजी करने लगे। तभी तीमारदार मरीज को ई रिक्शा में बैठाकर चले गए। एसडीएम सत्यप्रिय सिंह व सीओ कृपाशंकर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी सीएमएस डॉ. आलोक पांडेय को बुलाकर वार्ता शुरू की। सीओ ने सुरक्षा का आश्वासन देकर चार पुलिस कर्मी इमरजेंसी के बाहर तैनात करने की बात कही। तब मामला शांत हुआ। तीन घंटे बाद स्वास्थ्य कर्मी काम पर लौटे। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि वार्ड ब्वाय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।