सरवनखेड़ा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को गजनेर सीएचसी में स्वास्थ्य मेला लगाया गया। प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मेले लगाए जा रहे हैं।
मेले में शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांग जन सशक्तिकरण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, ग्राम विकास समेत कई विभागों ने स्टॉल लगाए। स्टॉलों में योजनाओं की जानकारी दी गई। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल में मंत्री ने गर्भवती प्रेमा देवी व अखिलेंद्र को फल देकर गोद भराई की रस्म पूरी की। कैबिनेट मंत्री सीडीओ सौम्या पांडेय से कहा कि स्टाप की कमी की सूची बनाकर उपलब्ध कराएं ताकि तैनाती कराई जा सके। डॉक्टर एसएल वर्मा ने बताया कि मेले में 180 गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। दौ सौ से अधिक मरीजों की जांच कर उपचार किया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ एके सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश यादव, सरवनखेड़ा प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ विशाल दिवाकर, डॉ भूपेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार मौजूद रहे।
बेसिक शिक्षा विभाग ने सैंथा संकुल की तरफ से स्वास्थ्य मेला में स्टॉल लगाया था। बच्चों ने मरीजों के लिए बांस का स्ट्रैचर बनाकर स्टॉल में प्रदर्शित किया। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बच्चों की प्रशंसा करने के साथ उन्हें प्रशिक्षित करने वाली संकुल प्रभारी सुनीता सिंह, शिक्षिक अनुपम प्रजापति की तारीफ कर हौसला बढ़ाया। उन्होंने अन्य शिक्षकों से कहा कि सैंथा संकुल प्रभारी ने मेहनत करके बच्चों में सृजनात्मक भाव पैदा किया है। ये बहुत सकारात्मक कदम है। अन्य शिक्षकों को प्रेरणा लेने के लिए कहा। संविलियन विद्यालय जसवापुर के बच्चों ने कई स्वास्थ्य सेवाओं में उपयोगी कई उपकरण बनाकर प्रशंसा बटोरी। इस मौके पर विनोद शर्मा, सीता पटवाल, ज्योति मिश्रा, शालिनी सिंह, दीप्ति सिंह, प्राची द्विवेदी, समीक्षा द्विवेदी, मंजू चौहान मौजूद रहीं।
कैबिनेट मंत्री ने युवा खेलकूद मंत्रालय की तरफ से चयनित पतरा, सीधामऊ समेत गांवों के युवक मंगल दल के युवाओं को खेल के सामान की किट सौंपी। मंत्री ने कहा कि गांव में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार ऐसी प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयासरत है। मंत्री ने सीडीओ से कहा कि प्रत्येक गांव में जल्द ही खेल किट युवाओं तक पहुंचा दी जाए।