कानपुर। मिड-डे मील की निगरानी प्रभावी बनाने के लिए जिले के सभी प्रकार के विद्यालयों को रोजाना भोजन की तस्वीरें मध्याह्न भोजन पंजिका एप पर अपलोड करनी होंगी। आदेश का पालन नहीं करने और लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा के निर्देश पर बीएसए ने सभी विद्यालयों को इसका सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीएसए हरिओम सिंह ने बताया कि ऐप पर भोजन की थाली और भोजन करते हुए पंक्तिबद्ध बैठे बच्चों की अलग-अलग तस्वीरें अपलोड करनी होंगी।
इसके लिए अधिकतम पांच फोटो अपलोड करने की व्यवस्था है। सोमवार को भोजन की थाली के साथ फल और बुधवार को दूध से भरे गिलास की तस्वीर भी अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी। यह व्यवस्था राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, अनुदानित, मदरसा, माध्यमिक विद्यालयों के साथ समाज कल्याण और छावनी परिषद के स्कूलों पर भी लागू होगी।