यूपी के हमीरपुर जिले में जन्मदिन पार्टी में बालाओं संग डांस कर लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने पर प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
बीएसए सतीश कुमार ने बताया सरीला तहसील के पचखुरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रेम प्रताप सिंह प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भी हैं। प्रेम प्रताप सिंह का बीते शनिवार की शाम एक जन्मदिन पार्टी में बालाओं के साथ अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करने का वीडियो वायरल किया गया था।
मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी राठ व गोहांड को सौंपी थी। जिसमें उन्हें शिक्षक की गरिमा को छिन्न भिन्न कर आचरण के विरुद्ध पाते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। उन्होंने कहा शिक्षक के कृत्य से बेसिक शिक्षा विभाग की छवि भी समाज में दूषित हुई है। निलंबित प्रधानाध्यापक को अपने संबद्धीकरण स्थल ब्लाक संसाधन केंद्र राठ पर उपस्थिति दर्ज कराने के उपरांत ही निलंबन भत्ता देय होगा।