फोटो संख्या 20
- लखना कस्बा में स्टेट बैंक तिराहा के आगे हुई घटना
- पीड़ित पोरवाल व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। लखना में व्यापारी नेता के साथ बाइक सवारों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि बाइक सवार सोने की चेन लूट ले गए। सीसीटीवी कैमरों से बाइक सवारों की पहचान की गई है। वारदात करने वाले लवेदी क्षेत्र के बताए गए हैं। पुलिस लूट की जगह मारपीट की घटना बता रही है।
कस्बा लखना निवासी विनोद पोरवाल व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष हैं। लखना तिराहा के पास उनका जनरल स्टोर है। विनोद ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब सवा नौ बजे दुकान बंद करके स्कूटी से लखना मान खां स्थित घर जा रहे थे, तभी करीब साढ़े नौ बजे स्टेट बैंक तिराहा के ठीक आगे एक बाइक पर सवार दो लोगों ने गर्दन व कनपटी पर हाथ मारा और उनके गले से सोने की जंजीर छीन ले गए।
जंजीर लगभग सवा तोला सोने की एक लाख मूल्य की बताई है। घटना के बाद पीड़ित ने चौकी पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर चौकी इंचार्ज मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार कलावती इंटर कॉलेज के पीछे वाली गली से भाग गए।
पुलिस ने पीड़ित व अन्य व्यापारियों के साथ घटना स्थल के आसपास लोगों के प्रतिष्ठान पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो उसमें विनोद पोरवाल की स्कूटी के पीछे से आते बाइक सवार दिखे। वहां लोगों ने बाइक सवारों की पहचान लवेदी थाना के एक गांव के लोगों के रूप में की है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लूट की घटना संदिग्ध लग रही है, मारपीट हुई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।