कानपुर में एचडीएफसी बैंक की सिविल लाइंस और गोविंदनगर शाखा में गोल्ड लोन के नाम पर फर्जीवाड़े की जांच शुरू हो गई है। सीओ कोतवाली अजय कुमार ने गुरुवार को शिकायतकर्ता सिविल लाइंस शाखा के अफसर अतेंद्र सिंह से पूछताछ की। सामने आया कि दर्जनों मामलों में फर्जीवाड़ा कर बैंक को करोड़ों का चूना लगाया गया है।
ऐसे हुआ खुलासा
वित्तीय वर्ष के अंत में हर बैंक शाखा का ऑडिट होता है। बीते करीब एक सप्ताह से एचडीएफसी बैंक की विभिन्न शाखाओं में आंतरिक ऑडिट चल रहा है। ऑडिट के दौरान ही गोल्ड लोन खाताधारकों की गिरवी रखी ज्वैलरी और ठोस सोने की भी जांच हुई। आशंका के आधार ज्वैलरी के कुछ आइटम की जांच कराई गई तो वह नकली निकलीं। ऑडिट टीम ने इसे गंभीरता से लिया। कानपुर, लखनऊ और मुंबई के अफसरों को इस फर्जीवाड़े से अवगत कराया गया। इसके बाद गोल्ड लोन के नाम पर जितना भी सोना बैंक के पास था, उसका ग्राहकों से पहचान कराने के साथ ही मूल्यांकन कराया गया। फिलहाल 21 खाते संदिग्ध मिले। इस तरह से एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।