कानपुर। तकनीकी नवाचार और उद्योग–शैक्षणिक सहयोग को सशक्त बनाने की दिशा में हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) ने बर्जर पेंट की सहयोगी इकाई एसबीएल स्पेशलिटी कोटिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह एमओयू संयुक्त अनुसंधान, तकनीकी विकास और छात्रों को उद्योग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान, नए उत्पादों का विकास, तकनीकी हस्तांतरण, फैकल्टी–उद्योग सहभागिता, छात्र प्रशिक्षण और उन्नत व टिकाऊ कोटिंग तकनीकों पर मिलकर कार्य करेंगे। इससे छात्रों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। एचबीटीयू की ओर से कुलसचिव अमित कुमार राठौर तथा एसबीएल की ओर से मुख्य तकनीकी अधिकारी मानस ऐच और उपाध्यक्ष (आरएंडडी) शरद बुचाके ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. समशेर ने कहा कि इस तरह के उद्योग–शैक्षणिक सहयोग से छात्रों की रोजगार क्षमता में वृद्धि होती है और शोध कार्य समाज व उद्योग की जरूरतों से जुड़ता है। पेंट टेक्नोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण मैथानी ने इसे विभाग और विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का द्वार बताया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में छात्र कंपनी के लिए विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। एमओयू के तहत भविष्य में रेफ्रिजरेटर के लिए ग्लास कोटिंग, थर्मल इंसुलेशन, सेल्फ-हीलिंग तथा अन्य उन्नत कोटिंग तकनीकों पर विशेष रूप से कार्य करने पर सहमति बनी। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. राधा सचान और डॉ. दुर्गेश कुमार सोनी भी उपस्थित रहे।