हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी
कानपुर के हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले पदकधारी छात्रों को कोविड की निगेटिव रिपोर्ट के साथ ही आना होगा। 23 जनवरी के बाद कराई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट के बाद ही छात्रों को दूसरे दीक्षांत समारोह में प्रवेश दिया जाएगा।
जो छात्र जांच नहीं करा सके हैं, वे 27 तक विवि में आएं, उनकी वहीं जांच कराई जाएगी। एचबीटीयू में दीक्षांत समारोह 29 जनवरी को है। इसकी तैयारियां तेज हो गईं हैं। दीक्षांत समारोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड पर आयोजित किया जाएगा।
मेडलधारी छात्र और शिक्षक ही ऑफलाइन आएंगे। छात्रों को मेडल देने के लिए कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल समारोह का हिस्सा बनेंगी। कोविड काल में सतर्कता बरतते हुए विवि प्रशासन ने सभी मेडलधारी छात्रों को कोविड टेस्ट कराने के आदेश दिए हैं।
अधिष्ठाता सुनील कुमार ने कहा कि बीटेक के 32 और एमसीए के तीन छात्रों को मेडल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए छात्रों को 23 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराना है। उसके बाद कोविड की जांच करानी होगी।