रूरा। दिल्ली हावड़ा लाइन पर ट्रैक पार करते समय डाउन ट्रैक पर आई राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर कपड़ा की फेरी लगाने वाले दुकानदार की मौत हो गई। जानकारी पर पहुंची जीआरपी ने शिनाख्त कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रूरा थानाक्षेत्र के जजमुइया ग्राम पंचायत के मजरा कुम्हरवाचांदी बंजारन डेरा निवासी दलवीर (28) पुत्र करन सिंह कपड़ा की फेरी लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार को वह बांदा फेरी लगाने की बात कह घर से निकला था। ट्रेन न मिलने पर वह वापस घर जाने के लिए डाउन ट्रैक पार कर रहा था। इसी बीच गुजरी राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
स्टेशन मास्टर विनय विश्वकर्मा की सूचना पर पहुंचे जीआरपी प्रभारी झीझक अर्पित तिवारी ने जांच की। मृतक के पास से मोबाइल के सिम को दूसरे फोन में डाल पुलिस ने सिम के नंबरो में काल कर मृतक की भाभी मीना देवी से बात की। इसके बाद उसकी शिनाख्त हो सकी। अनहोनी पर मां अंगूरी, पत्नी बंदना देवी बिलखती रही।
चचेरे भाई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि डेरापुर थानाक्षेत्र के रंजीतपुर में दलवीर की अंगूरी के साथ 7 माह पहले शादी हुई थी। शुक्रवार को वह कानपुर तक गया, लेकिन बांदा के लिए ट्रेन न मिलने पर वापस लौटने की बात कही थी। झींझक चौकी इंचार्ज अर्पित तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।