मुठभेड़ में घायल आरोपी फुरकान को ले जाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
नौकरी की तलाश में निकली युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। युवती की हत्या दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की गई थी। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार आधी रात के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास तपनौर रोड पर पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। आरोपी ने पुलिस पर फायर किया तो जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। घटना में एक सिपाही भी मामूली रूप से घायल हुआ है। घटना का खुलासा करने में सीसीटीवी फुटेज खासे कारगर रहे।
माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती सोमवार दोपहर नौकरी की तलाश में गांव निवासी फुरकान के साथ संडीला स्थित एक फैक्टरी में गई थी। फैक्टरी में बातचीत के बाद वह फुरकान के साथ ही वापस गौसगंज आई थी। यहां टेंपो से उतरने के बाद दोनों गांव जा रहे थे। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि इसी दौरान गौसगंज गुलाबनगर मार्ग पर फुरकान सड़क किनारे झाड़ी में युवती को ले गया। वहां युवती के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान कुछ लोगों के आने की आहट पर उसने युवती के शॉल से ही उसका गला कस दिया। इसके बाद उसका शव उठाकर गुलाबनगर पंचायत भवन के पास कूड़ा घर के किनारे फेंक दिया। मंगलवार सुबह शव मिलने पर सनसनी फैल गई थी। एसपी अशोक कुमार मीणा ने दो टीमें घटना का खुलासा करने के लिए बनाई थीं। सीओ रवि प्रकाश सिंह के नेतृत्व वाली टीम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी जबकि दूसरी टीम सर्विलांस का काम संभाल रही थी। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने फुरकान की गिरफ्तारी की तैयारी की।
इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली लगने से फुरकान घायल हो गया। सिपाही ज्ञान प्रकाश भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। मौके से आरोपी के पास से एक तमंचा तीन खोखा और मृतका का मोबाइल भी बरामद हुआ है।