नगर के इंडियन बैंक में रुपये जमा करने गए ठेकेदार के बैग से सोमवार को एक लाख रुपये चोरी हो गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने पर बैग से रुपये निकालते महिला नजर आ गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से 75 हजार रुपये भी बरामद कर लिए।
मुड़ियाखेड़ा निवासी सुरेश पाल का बियर का ठेका दुर्गागंज में है। सोमवार को वह माधौगंज में स्थित इंडियन बैंक में एक लाख रुपये जमा करने गए थे। रुपये जमा करने के लिए वह कैश काउंटर पर लाइन में लगे थे। इसी दौरान उनके कंधे पर टंगे बैग से एक लाख रुपये चोरी हो गए थे। इसकी जानकारी उन्होंने बैंक प्रबंधन के साथ ही पुलिस को भी दी। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो बैग से रुपये चोरी करती हुई महिला नजर आ गई।
फुटेज में दिखी महिला को पुलिस ने मंगलवार का गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दौलतयारपुर के शंभूनगर निवासी अर्जुन की पत्नी रुखसाना ने घटना को अंजाम दिया था। उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 75 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।