हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मल्हेरा में स्थित विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ और उसके सहायक को कुछ ग्रामीणों ने बंधक बना लिया और ग्राम फटका ले गए। यहां ग्रामीणों ने दोनों विद्युत कर्मियों के साथ मारपीट की। किसी तरह कर्मचारियों ने यूपी 112 पर घटना की जानकारी दी तो पुलिस मौके पर पहुंची।
एसएसओ की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। मल्हेरा के विद्युत उपकेंद्र में श्रवण कुमार सिंह एसएसओ के पद पर तैनात हैं। रविवार सुबह वह अपने सहायक विनय कुमार पुत्र दिनेश सिंह के साथ ड्यूटी पर थे।
इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फटका निवासी हरिद्वारी और छुन्नन पुत्र भोले, कन्हई पुत्र भीखा, मुन्नी लाल पुत्र अंबर और हरिश्चंद्र पुत्र लाला उपकेंद्र पर पहुंचे और गांव में बिजली न आने की बात कही। इस पर एसएसओ ने अन्य कर्मचारियों के आ जाने पर कर्मचारियों को भेजकर बिजली सही कराने का आश्वासन दिया।
इसी बात पर आरोपी नाराज हो गए और श्रवण व विनय को बंधक बनाकर जबरन अपने साथ गांव ले गए। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। यूपी 112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर गई और दोनों कर्मचारियों को कोतवाली ले आई। कोतवाली में श्रवण सिंह की तहरीर पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।