हरदोई जिले में वाराणसी से मेरठ जा रही वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंकने का मामला तूल पकड़ गया है। मुरादाबाद से आरपीएफ की टीम आने से पहले ही देहात कोतवाली पुलिस ने पत्थर फेकने वाले दोनों किशोरों को चिंहित कर पकड़ लिया। इन दोनों को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया है। पकड़े गए दोनों किशोर आपस में मौसेरे भाई हैं। सीआईबी के निरीक्षक और आरपीएफ के एएससी के साथ जीआरपी के सीओ ने भी घटना को लेकर हरदोई आकर जांच की।
वंदे भारत ट्रेन पर बृहस्पतिवार दोपहर बाद लगभग 3:30 बजे पत्थर फेंके गए थे। इसके कारण कोच संख्या सी-4 की सीट नंबर 60 और 61 के बीच की खिड़की का शीशा टूट गया था। उच्चाधिकारियों और मुरादाबाद कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के बाद सीओ सिटी अंकित मिश्रा, देहात कोतवाल हरिनाथ यादव, आरपीएफ के कमांडेंट अशोक कुमार और जीआरपी के एसओ पंकज भास्कर ने पूरे मामले की जांच की थी। घटनास्थल बलोखर रेलवे क्रासिंग के पास बताया गया था।