हरदोई जिले में मेहंदीघाट रोड पर महिमपुर मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़त में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल कन्नौज में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिरसैया मजरा साहिमपुर हर्रैया निवासी गोविंद (25) पुत्र श्रीपाल मंगलवार को सुबह 10 बजे बाइक से कन्नौज किसी काम से जा रहा था।
मल्लावां-मेहंदीघाट रोड पर महिमपुर मोड़ पर सामने से बाइक पर आ रहे अरवल थाना के लालपुर निवासी सरोज (22) पुत्र सुंदरलाल से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल कन्नौज में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही परिजनों में मातम पसर गया। गोविंद खेतीबाड़ी करता था। तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। दोनों युवक अविवाहित थे।
दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे
इस संबंध में कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों के परिजन कन्नौज जिला अस्पताल लेकर चले गए थे। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। सरोज के साथ बाइक में करीब 10 वर्षीय भतीजा पीछे बैठा था। मौके पर पहुंचे परिजन उसे लेकर किसी निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए ले गए थे। उसकी जानकारी की जा रही है।