हरदोई जिले में थाना अतरौली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की दोपहर शोहदे से परेशान किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के बड़े भाई ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बहन को पड़ोसी गांव कृष्णापुर मजरा सैयापुर निवासी बालेश्वर यादव (20) आए दिन परेशान करता था। जबरन मोबाइल से प्रेम प्रसंग की बात करने का दबाव बनाता था।
इसकी शिकायत बहन कई बार कर चुकी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। भाई का कहना है कि बालेश्वर की हरकतों के कारण बहन ने शनिवार दोपहर आंगन के जाल में लुंगी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। परिजनों के मुताबिक, किशोरी दो दिनों से बेहद परेशान थी और इस वजह से वह कुछ खा पी भी नहीं रही थी।