शौच के लिए जा रहे बुजुर्ग को आवारा कुत्तों ने दौड़ा लिया। रात होने और आंखों की रोशनी कम होने के कारण बुजुर्ग तालाब में जा गिरा। डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेना। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के हिरौली कुतुबनगर निवासी छोटेलाल (60) मजदूरी करते थे। दोनों आंखों में मोतियाबिंद होने के कारण उन्हें साफ नहीं दिखाई देता था।
शनिवार आधी रात के बाद लगभग तीन बजे वह बिस्तर से उठकर तालाब किनारे शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने घेर लिया। छोटे लाल ने भागने की कोशिश की तो कुत्ते भी उसका पीछा करने लगे। अंधेरा होने और आंखों की रोशनी कम होने के कारण वह तालाब नहीं देख पाए। इसलिए तालाब में जा गिरे। काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं पहुंचे तो उनके चचेरे भाई मदनलाल टॉर्च लेकर तलाश करने निकले। इसी दौरान तालाब में उन्हें छोटेलाल के कपड़े उतराते दिखाई दिए। ग्रामीणों की मदद से वह तालाब में उतरे और छोटेलाल को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।