पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने महज तीन घंटे के अंदर अलग-अलग कारणों से जनपद में तैनात चार निरीक्षकों और तीन उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। इनमें मल्लावां के कोतवाल और राघौपुर के चौकी प्रभारी भी शामिल हैं। सोमवार को राघौपुर चौकी के प्रसाधन कक्ष में एक महिला के साथ दो लोगों का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी मामले में मल्लावां कोतवाल और चौकी प्रभारी निलंबित हुए हैं। कासिमपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह को मल्लावां की जिम्मेदारी दी गई है।
मल्लावां कोतवाली की राघौपुर में पुलिस चौकी है। इसी पुलिस चौकी के प्रसाधन कक्ष का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हो गया। वीडियो में एक महिला के साथ दो लोग अश्लील हरकतें करते नजर आ रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र से सोमवार को ही कराई थी। देर रात आख्या मिलने के बाद करीब 12 बजे मल्लावां के कोतवाल अनिल कुमार सैनी और राघौपुर के चौकी प्रभारी संजय राय को निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विस्तृत जांच अपर पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह को सौंपी है।